कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकास खंड मुख्यालय पर शुक्रवार को कांग्रेस की जिला कमेटी की ओर से भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरोध में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान यहां जनसभा का भी आयोजन किया गया।
कर्णप्रयाग में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत ने कहा कि भाजपा सरकार देश और राज्य में महंगाई और बेरोजगारी को रोकने में नाकायाब साबित हुई है। जिससे आम जन कांग्रेस से आस लगाये है और कांग्रेस जनहित के विषयों के लिये संघर्ष करने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जो सरकार मंहगाई रोकने, भ्रष्टाचार मिटाने, रोजगार देने के नाम पर सत्ता में काबिज हुई थी आज उसी सरकार के दौर में जनता इन सभी बातों से त्रस्त है। प्रदेश में तीन-तीन मुख्यमंत्री बदलने के बाद भी प्रदेश की दशा और दिशा में कोई परिवर्तन नहीं आया है। उन्होंने आम जनता का आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोग मिल कर कांग्रेस का हाथ मजबूत करें ताकि इस जन विरोधी सरकार को उखाड़ फैंका जा सके।
इस मौके पर पूर्व काबिना मंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि राज्य और देश के विकास के लिये कांग्रेस को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास कांग्रेस ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास को कांग्रेस ने छोड़ा था इस सरकार ने उसे एक इंच भी आगे नहीं बढ़ाया है। आज आमजन अपनी मूलभूत समस्याओं के लिए हर दिन आंदोलन कर रही है। जबकि कांग्रेस के राज में जनता ने जो मांग सरकार से की उसे पूरा करने में कोई कोताही नहीं बरती गई। लेकिन इस सरकार में जनता आंदोलन भी कर रही है तो उन पर लाठी डंडें बरसा कर उन्हें चुप कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आम लोगों को पार्टी की रीति और नीति समझाते हुए पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी, प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, नगर अध्यक्ष महेश खंडूरी, राजेंद्र सगोई, तेजवीर कंडेरी, जिपंस लक्ष्मण सिंह बिष्ट, भुवन नौटियाल, आनंद सिंह पंवार, अरविंद बिष्ट आदि मौजूद थे।
