गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के रामचंद्र भट्ट सरस्वती विद्या मंदिर में गुरूवार को सीपी भट्ट पर्यावरण एवं विकास केंद्र की ओर से पारस्थितिकी तंत्र में वन्य जीवों का महत्व विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। इस दौरान केंद्र ने बद्री-केदार विधानसभा के पूर्व विधायक कुँवर सिंह नेगी और पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रेम बल्लभ भट्ट को उनके जनसरोकारों के लिये बापू 150 सम्मान से सम्मानित किया गया।
व्याख्यान में बतौर मुख्य वक्ता डॉ. मनीष कुकरेती ने बताया कि वन्य जीव हमारी पारस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण कड़ी एवं समृद्ध जैव विविधता के द्योतक हैं। वन्य जीव हमारी पारस्थितिकी तंत्र के संतुलन को बनाये रखने के साथ ही खाद्य श्रृंखला के महत्व पूर्ण घटक और कड़ी है। प्रत्येक जीवधारी की हमारी प्रकृति एवं पारस्थितिकी तंत्र में सुनिश्चित भूमिका है। बताया कि वर्तमान में संपूर्ण विश्व में स्तनपायी जीवों की कुल 512 तथा पक्षियों की 1990 प्रजातियां चिन्हित की गयी हैं। जिनमें से उत्तराखंड में स्तनपायियों की 106, पक्षियों की 620 तथा जलचर (मछलियों) की 125 प्रजातियां पायी जाती हैं। विश्व के जैव विविधता की दृष्टि से चिन्हित 36 हॉट स्पॉट क्षेत्रों में से 3 हॉट स्पॉट भारत में हैं, वहीं इस दौरान केंद्र की ओर से आयोजित वन्य जीवों के महत्व पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के उत्कृष्ट प्रतिभागी रहे दिव्यांशी, हिमानी बिष्ट, ओम नेगी को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर केंद्र के प्रबंध न्यासी ओम् प्रकाश भट्ट, मंगला प्रसाद सती, प्रधानाचार्य दिनेश प्रसाद उनियाल, सर्वोदयी मुरारी लाल, शांति प्रसाद भट्ट, क्रांति भट्ट, मधुबाला नौटियाल, आरती मैठाणी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
