posted on : April 16, 2024 7:33 pm

पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी में कांग्रेस पार्टी के गढ़वाल संसदीय सीट से प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यदि भाजपा का इन दस सालों का रिर्पोट कार्ड देखा जाए तो उसकी उपलब्धि में सिर्फ यही आता है कि उसने इन दस सालों में सिर्फ मंहगाई और बेरोजगारी को बढ़ाने का काम किया है। जो युवा दो करोड़ रोजगार के नाम पर भाजपा के झांसे में आ गये थे वे आज अपने को ठगा सा महसूस कर रहे है। इसी प्रकार मंहगाई कम करने की बात कही गई थी लेकिन आज आम आदमी को अपना घर चला दुभर हो गया है।

पोखरी में चुनावी जन सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि भाजपा सिर्फ जुमलों में सरकार चलाना चाहती है। इस चुनाव में भी उनके घोषणा पत्र में रोजगार को लेकर कोई बात नहीं की गई और न ही मंहगाई को कम करने की बात। उनका पता है कि उन्होंने इन दोनों की मुद्दों पर जनता को छला है और अब जनता इनकी बातों में आने वाली नहीं इसलिए राम मंदिर और हिन्दुत्व के नाम पर वोट मांग रही है। ताकि जनता को धर्म के नाम पर लड़ाया जा सके। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा चौतरफा विकास का डंका पीट रही है और आज मुझे पोखरी की सड़कों को देख कर लग गया है कि भाजपा का विकास का नारा कितना सार्थक है और यहां की जनता भी समझ रही होगी। उन्होंने जनता के बीच कांग्रेस का संकल्प पत्र भी रखा। साथ ही उन्होंने जनता से 19 तारीख को अंकिता भंडारी को न्याय एवं अग्नि वीर जैसी योजनाओं को बदलने के लिए तथा युवाओं के रोजगार के लिए वोट देकर कांग्रेस के हाथ को मजबूत करने की अपील की।

इससे पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी ने रोड शो भी किया जिसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। जनसभा में थराली के पूर्व विधायक डॉ. जीत राम, लखपत बुटोला, जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, अतुल सती, जगदीश भट्ट, श्रवण सती, ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी, धीरेंद्र राणा, योगेन्द्र बर्त्वाल, गुड्डू थपलियाल, विनोद जोशी, नरेंद्र रावत, बीरेंद्र रावत, मन्दोदरी पन्त, विनीता देवी आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!