गोपेश्वर (चमोली)। जिले के नारायणबगड़ विकासखंड के नामतोल क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया था। इस मामले को सोमवार को राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
खैनौली के पूर्व ग्राम प्रधान त्रिलोक सिंह ने बताया कि पांच दिसम्बर को निशा देवी पत्नी पूरन सिंह उम्र 24 वर्ष ने स्वयं को कमरे में बंद कर दिया था। संदेह होने पर लोगों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की जब निशा ने कमरा नही खोला गया तो लोग दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे। कमरे में निशा संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटकी हुई मिली। जिसकी सूचना ग्रामीणों की ओर से महिला के मायके पक्ष को और राजस्व पुलिस को दी। साथ ही यह भी बताया कि चार दिसम्बर को निशा के पति पूरन सिंह के दूसरे विवाह की सूचना निशा को मिली थी। उसके बाद दोनों के बीच विवाद भी हुआ था और पांच दिसम्बर को निशा मृत अवस्था में मिली।
राजस्व पुलिस की ओर से शव के पंचनामे की कार्रवाई की गई। मृतक के भाई पदम सिंह पुत्र मोहन सिंह ने हत्या की आशंका जताते हुए राजस्व पुलिस को छ छह को तहरीर दी थी। साथ ही परिजनों ने मामले को राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित करने की भी मांग की गई थी।
पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग अमित कुमार सैनी ने बताया कि मामला राजस्व क्षेत्र का था और सोमवार को इसे रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किया गया है। मामला धारा 302 और 304 बी के तहत दर्ज है। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे-जैसे तथ्य सामने आते रहेंगे वैसे ही जांच पड़ताल आगे बढ़ेगी। साक्ष्य के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।