घाट (चमोली)। चमोली जिले के नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग चैड़ीकरण की मांग को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन शुक्रवार को सातवे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को लेकर शासन प्रशासन की बेरूखी से खफा व्यापारियों व वाहन चालकों ने शनिवार को अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों व वाहनों पर काले झंडे लगाकर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
बता दें कि बीते पांच दिसम्बर से नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग के चैड़ीकरण की मांग को लेकर घाट में क्रमिक अनशन चल रहा है। सात दिनों से चले आ रहे इस आंदोलन को लेकर शासन प्रशासन की बैरूखी से लोगों मे भारी रोष व्याप्त है। शुक्रवार को क्रमिक धरने पर सुखबीर रौतेला, सुरेंद्र सिंह रावत, अध्यक्ष टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मनोज कठैत, व्यापार संघ अध्यक्ष चरण सिंह नेगी, अवतार सिंह भण्डारी, हर्षबर्धन देवराड़ी, एडवोकेट सुरेंद्र सिंह भंडारी का आरोप है कि पूर्व में सीएम की घोषणा के बाद भी सड़क का चैड़ीकरण नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। और क्षेत्रीय जनता के साथ अन्याय। उन्होंने कहा कि शनिवार को सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों व वाहन चालक वाहनों पर काले झंडे लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
