गोपेश्वर (चमोली)। खेल विभाग, चमोली के तत्वावधान में राज्य स्थापना दिवस और आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर नौ नवम्बर को बालक और बालिकाओं की जनपद स्तरीय मिनी मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बालक वर्ग- अण्डर 12 वर्ष के लिए दो किलोमीटर, अण्डर-14 वर्ष के लिए तीन किलोमीटर और अण्डर 17 वर्ष के लिए पांच किलोमीटर तथा बालिका वर्ग अण्डर 14 वर्ष के लिए तीन किलोमीटर मिनी मैराथन निर्धारित की गयी है।
जानकारी देते हुए प्रभारी क्रीडाधिकारी गिरीश चंद्र ने बताया कि मिनी मैराथन नौ नवम्बर को प्रातः 10 बजे से स्पोटर््स स्टेडियम गोपेश्वर से प्रारम्भ होकर गोपेश्वर- घिघरांण मोटर मार्ग पर चिन्हित स्थलों तक एवं वापसी उसी रूट से होते हुए समापन स्पोटर््स स्टेड़ियम गोपेश्वर में किया जायेगा। मिनी मैराथन के प्रत्येक वर्गो में प्रथम से पंचम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग चमोली की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इस मैराथन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को खेल विभाग में अपना पंजीयन करवाना होगा।
इसके अलावा खेल निदेशालय उत्तराखण्ड की ओर से राज्य स्थापना दिवस पर स्पेशल कम्पोनेन्ट प्लान के अन्तर्गत नौ नवम्बर से जनपद चमोली के विभिन्न विकास खण्डों की अनुसूचित जाति की बालिकाओं के लिए निर्धारित ताइक्वाडों खेल में 12 दिवसीय विशेष खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी किया जायेगा।
