नारायणबगड़ (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग-ग्वादलम सड़क पर आमसौड़ा और नलगदेरा में सड़क बाधित होने से यहां 27 लोग सड़क पर निर्जन क्षेत्र में फंस गये थे। जिसकी सूचना मिलने पर नारायणबगड़ चैकी में तैनात पुलिस टीम ने पैदल मौके पर पहुंचकर यहां फंसे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर आवास व भोजन की व्यवस्था करवाई।\
बता दें कि शुक्रवार को कर्णप्रयाग-ग्वालदम सड़क आमसौड़ा और नलगदेरा में अलग-अलग दो स्थानों पर बंद हो गयी। जिससे यहां सड़क पर आवाजाही कर रहे दो महिलाएं, चार छोटे बच्चे व फौज की ज्वाइनिंग करने जा रहे नौ युवकों के साथ ही कुल 27 लोगों के फंसे होने की सूचना पुलिस चैकी नारायणबगड़ को मिली। जिस पर चैकी इंजार्च पुलिस जवान और स्थानीय युवाओं के साथ मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने सड़क पर फंसे लोगों को ढांढस बंधाने के बाद नारायणबगड़ पहुंचाया। जहां स्थानीय व्यवसायी जगदीश सती, अंकित नेगी, धर्मेंद्र नेगी, नरेंद्र नेगी और हरपाल नेगी की मदद से सभी फंसे लोगों की आवास और भोजन की व्यवस्था की। पुलिस अधिकारियों ने आवास और भोजन की व्यवस्था करने वाले व्यवसायियों का आभार व्यक्त किया है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से यहां आमसौडा की ओर फंसे लोगों के आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है।
