कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग ब्लॉक के कालेश्वर गांव के उपभोक्ताओं के लिये पिछले सा िदिनों से पेयजल आपूर्ति जी का जंजाल बन गई है। यहां पेयजल आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ताओं को खासी दिक्कतों का समाना करना पड़ रहा है। जल संस्थान के अधिकारियों की माने तो गांव को सप्लाई हो रही पेयजल पंम्पिग मशीन में तकनीकी खराबी के चलते दिक्कतें हो रही है। हालांकि संस्थान की ओर से टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।
कालेश्वर गांव में बीते एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। जिसके चलते यहां 22 परिवारों को पेयजल की आपूर्ति में परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी रमेश लाल, अनिल कुमार, राजेंद्र कुमार, सोहन लाल, गोपाल लाल, अर्जुन कुमार और सुरेश का कहना है कि पेयजल आपूर्ति के बाधित होने से उनके रोजमर्रा के काम भी बाधित हो रहे हैं। कहा कि जल संस्थान की ओर से टैंकरों से सप्लाई किया जा रहा पानी दैनिक उपयोग के लिये नाकाफी हो रहा है। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों से सुचारु पेयजल आपूर्ति करने की मांग उठाई है।
इधर, जल संस्थान के सहायक अभियंता जेएस बिष्ट का कहना है कि गांव को सप्लाई हो रही पेयजल लाइन की पंपिंग योजना में तकनीकी खराबी के चलते दिक्कतें हो रही हैं। लाइन का सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है जल्द ही गांव में सुचारु पेयजल आपूर्ति की जाएगी। हालांकि अभी उपभोक्ताओं की मांग के अनुरुप टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
