गोपेश्वर (चमोली)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बुधवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में रैली निकाल कर प्रदेश में निरंतर बढ़ रही बेरोजगार, मंहगाई व भ्रष्टाचार पर प्रदेश की भाजपा सरकार से इस्तीफा देने की मांग की।
बुधवार को पैट्रोल पंप से होते हुए गोपीनाथ मंदिर तक एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल कर प्रदेश सरकार का विरोध किया। एनएसएयूआई के लिए रैली को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी अपना समर्थन देते हुए रैली में भागेदारी की। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि वर्तमान समय में उत्तराखंड में बेरोजगार, मंहगाई व भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ गया है कि जनता अपने को ठगा सा महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि चार सालों में प्रदेश में जुमले बाजी के अलावा कुछ भी विकास नहीं हुआ है नतीजन भाजपा को अपना मुख्यमंत्री बदलना पड़ा। उन्होंने कहा कि विकास के दावों की प्रदेश में पूरी तरह से हवा निकल चुकी है। ऐसे में इस सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है सरकार को नैतिकता के आधार पर सत्ता छोड़ देनी चाहिए। इस मौके पर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष संदीप रावत, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संदीप भंडारी, युवा कांग्रेस के बदरीनाथ विधान सभा अध्यक्ष योगेंद्र बिष्ट, सौरभ भाटिया, सूर्य प्रकाश पुरोहित आदि मौजूद थे।
