posted on : December 12, 2021 6:00 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के दशोली ब्लॉक के सिरोखोमा गांव के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिये किये हिल कटिंग से खतरे की जद में आये पीपल के पेड़ की सुरक्षा की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि लोनिवि की ओर से हिल कटिंग के बाद पेड़ की जड़ों को खुला छोड़ दिया गया है। जिससे एक ओर पेड़ सूखने लगा है। वहीं पेड़ के गिरने से दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने विभाग से पेड़ व ग्रामीणों की सुरक्षा के लिये पुस्ता निर्माण की मांग की है।

बता दें लोनिवि की ओर से गोपेश्वर-सिरोखोमा सड़क के निर्माण के लिये गांव के समीप हिल कटिंग कार्य किया गया है। जिसमें यहां गांव के समीप मौजूद पीपल के पेड़ की जडें खोखली होने से पेड़ के गिरने का भय बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीण और पर्यावरण प्रेमी शिक्षक धन सिंह का कहना है कि मामले में वन विभाग और तहसील प्रशासन से सुरक्षा कार्य करवाने की मांग के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। जिससे जहां पेड़ के गिरने से दुर्घटना होने के साथ ही संरक्षित प्रजाति व धार्मिक महत्व के इस पेड़ के सूखने की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने लोनिवि से शीघ्र पेड़ की सुरक्षा कार्य करने की मांग उठाई है।

 

इधर, लोनिवि के अपर सहायक अभियंता शरद कुमार टम्टा ने बताया कि पेड़ की सुरक्षा के लिये पुस्ता निर्माण प्रस्तावित किया गया है। लेकिन निर्माणाधीन सड़क के किलोमीटर तीन पर सड़क के दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त होने के चलते यह कार्य नहीं हो सका है। जल्द ही पेड़ की सुरक्षा के लिये पुस्ता निर्माण कार्य शुरु कर दिया जाएगा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!