गोपेश्वर/थराली (चमोली)। बाबा रामदेव के एलोपैथी पर दिए बयान पर मंगलवार को चमोली जिले के चिकित्सकों ने विरोध करते हुए बांह पर काला फीता बांधकर काला दिवस मनाते हुए अस्पतालों में अपनी सेवाऐं दी।
बीते दिनों बाबा रामदेव ने एलोपैथी पर बयान देते हुए सवाल कर डाले थे। जिसको लेकर आईएमए ने बाबा रामदेव की गिरफ्तारी की मांग की थी। यह विवाद अभी धमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य चिकित्सा संघ के आह्वान पर मंगलवार को जिले के अस्पतालो में तैनात चिकित्सकों ने बांह पर काली पट्टी बांध कर बाबा का विरोध किया है। डा. नवनीत सिंह, डा. पूनम, डा. गौरव सिंह का कहना है कि कोरोना काल में जहां चिकित्सक अपनी व अपने परिवार की परवाह किये बगैर अपनी सेवाऐं रहे हैं, ऐसे में बाबा रामदेव एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति पर सवालिया निशान खडे़ कर रहा है जो गलत है। इसके लिए बाबा रामदेव पर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
