posted on : October 9, 2021 5:15 pm

गोविंदघाट (चमोली)। हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए बुजुर्ग तीर्थयात्री के लिए पुलिस देवदूत बनकर पहुंची। यात्री की तबीयत खराब होने की सूचना पर पुलिस ने पैदल ही स्ट्रेचर की मदद से यात्री को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। जहां यात्री का उपचार चल रहा है।

श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा पर रोजाना यात्रियों की आवाजाही हो रही है। युवाओं के अलावा बुजुर्ग यात्री भी लगातार यात्रा पर आ रहे हैं। श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा पर पहुंचे नई दिल्ली निवासी बुजुर्ग यात्री महिंदर भी हेमकुंड साहिब की यात्रा पर पहुंचे। हेमकुंड साहिब में माथा टेकने के बाद जब वह नीचे पैदल उतर रहे थे तो उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। अन्य यात्रियों ने इसकी सूचना गोविंदघाट पुलिस तक पहुंचाई। सूचना के बाद पुलिस चौकी घांघरिया में तैनात पुलिसकर्मी मनोज सुंदरियाल, होमगार्ड के जवान विक्रम व प्रांतीय रक्षक दल के जवान सोबन एसडीआरएफ की टीम के साथ घांघरिया हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग के लिए रवाना हुए। बताया गया कि घांघरिया से दो किमी नीचे हैलीपैड के पास यात्री लेटा हुआ था। पुलिस टीम ने स्ट्रेचर की मदद से यात्री को गोविंदघाट पहुंचाया। उसके बाद उसे स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। गौरतलब है कि श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा बेहद कठिन है। गोविंदघाट से 19 किमी खड़ी चढ़ाई चढ़कर यहां पहुंचा जा सकता है। यात्रा के दौरान बुजुर्ग यात्रियों को आवाजाही में अधिक दिक्कतें होती है। हाई एटीटयूड पर होने के कारण कई यात्री तो सांस की दिक्कतों के चलते मर जाते हैं। हेमकुंड यात्रा के दौरान गोविंदघाट से निजी कंपनियों की हेली सेवाओं का संचालन भी होता है। परंतु इस साल कपाट देरी से खुलने के कारण हेली कंपनियों ने भी यहां अपनी सेवाएं शुरू नहीं की हैं। जिससे बुजुर्ग यात्रियों को भी हेमकुंड साहिब तक पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!