थराली (चमोली)। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष बृजभूषण गैरोला ने गुरूवार को थराली में सहकारी समिति के निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति के नुकासान को देखते हुए नाराजगी जाहिर करते हुए सचिवों को नुकसान को कम करने के लिये आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये।
उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ अध्यक्ष के थराली पहुंचने पर यहां स्थानीय लोगों के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनक फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। जिसके बाद सहकारी समिति के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि समितियों को ऋण आवंटन तक ही सीमित न रहकर काश्तकारों की आय को दोगुना करने का भी प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि मिलेट मिशन योजना के तहत सरकार काश्तकारों से 25 रुपये किलो मंडवा ओर झंगोरा खरीद रही है। वहीं सरकारी समितियों के माध्यम से काश्तकारों के पहाड़ी जैविक उत्पादों को खरीदकर बाज़ार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। जिससे काश्तकारों की आर्थिकी मजबूत हो ओर काश्तकार खेती से विमुख होने के बाजाय उत्पादन बढाने के प्रयास करें। इस दौरान स्थानीय काश्तकारों ने राज्य सहकारी समिति के अध्यक्ष से थराली और देवाल में कोल्ड स्टोरेज खुलवाने की मांग उठाई। कहा कि ब्लॉक के गांवों में आलू की उपज अच्छी होती है। लेकिन मंडी तक पहुंचने से पहले ही खराब होने से काश्तकारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिस पर उन्होंने काश्तकारों जल्द कोल्ड स्टोर खोलने और क्रय केंद्रों की संख्या बढाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सहकारी समिति के अध्यक्ष राकेश देवराड़ी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रंजीत नेगी, टीका प्रसाद मैखुरी, राकेश जोशी, नन्दू बहुगुणा, केदार पंत और कुंदन परिहार आदि मौजूद थे।
