गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में बुधवार को मौसम ने करवट बदल ली है। जिले के निचले इलाकों में जहां सुबह से ही रिमझिम बारिश हो रही है। वहीं बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फवारी हो रही है। जिससे जिले के तापमान में गिरावट आ गई है। बारिश और बर्फवारी से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जन जीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिले में हालांकि बुधवार देर शाम तक तेज बारिश नहीं हुई है। लेकिन बुधवार तड़के से ही जिले में रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है। जिले के गोपेश्वर, पोखरी, पीपलकोटी, जोशीमठ, थराली, कर्णप्रयाग सहित निचले इलाकों में सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है। वहीं जिले में बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, लाल माटी, होमकुंड सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर रुकरुक कर बर्फवारी हो रही है। ऐसे में बदरीनाथ धाम में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। जबकि निचले इलाकों में भी तापमान कम होने से ठंड में इजाफा हो गया है।
