posted on : June 25, 2021 5:53 pm

गोपेश्वर (चमोली)। पीएमजीएसवाई की लापरवाही के चलते चमोली जिले के दशोली ब्लॉक के दूरस्थ गांव ईराणी को मानसून सीजन से पूर्व भेजे जाने वाला खाद्यान्न रास्ते में फंस गया है। गांव को यातयात से जोड़ने वाली सड़क के साथ ही सड़क निर्माण के मलबे यहां पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से खाद्यान्न गांव तक नहीं पहुंच सका है। ऐसे में गांव में आगामी दिनों में ग्रामीणों खाद्यान्न संकट से जूझना पड़ सकता है।

बता दें कि बीते दिनों हुई बारिश के चलते दशोली ब्लॉक के दूरस्थ गांव को जोड़ने वाली सड़क जहां 18 जून को बारिश से क्षतिग्रस्त हो गयी थी। वहीं सड़क के मलबे से पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गये हैं। लेकिन वर्तमान तक पीएमजीएसवाई की ओर से पैदल मार्ग का भी सुधारीकरण शुरु नहीं किया जा सका है। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से प्रतिवर्ष की भांति मानसून सीजन के लिये गांव को भेजा खाद्यान्न भेलतना गदेरे में अटका हुआ है। वहीं खाद्यान्न का एक हिस्सा चमोली गोदाम में है। ग्राम प्रधान ईराणी मोहन सिंह नेगी, उप प्रधान दीपा देवी, दिनेश सिंह, सुरेंद्र सिंह और मोहन सिंह का कहना है कि गांव में 150 परिवार निवास कर रहे हैं। जिनके लिये पूर्ति विभाग की ओर से प्रतिवर्ष मानसून सीजन से पूर्व तीन माह का खाद्यान्न गांव में पहुंचाया जाता है। लेकिन इस वर्ष मानसून के आने से पूर्व ही यहां सड़क और पैदल मार्ग बंद होने से खाद्यान्न गांव में नहीं पहुंच सका है। ऐसे में यदि समय से खाद्यान्न गांव में नहीं पहुंचात तो ग्रामीणों को आगामी दिनों में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

 

निजमूला-ईराणी सड़क पर पगना में सड़क पर भारी मात्रा में मलवा आया है। जिसे हटाने का कार्य किया जा रहा है। यहां जल्द ही हाईवे को सुचारु कर लिया जाएगा। यदि सड़क निर्माण के मलबे से गांव का पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है, तो तत्काल मजदूर लगाकर पैदल मार्ग को सुचारु करवाया जाएगा।

शिवम रावत, अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई, गोपेश्वर-चमोली।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!