posted on : October 21, 2021 5:53 pm

पोखरी (चमोली)। जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में हाल ही में शहीद हुए वीर सपूत योगंबर भंडारी के गांव सांकरी के लिए जाने वाली नैल सांकरी सड़क पर जब विभाग की ओर से खोलने की कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों और शहीद के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान कर सड़क खोलने के बाद इस पर आवाजाही कराई।

बीते दिनों हुई बारिश से चमोली जिले में 80 से अधिक सड़कें बंद हैं। तीन दिनों से मौसम साफ है फिर भी प्रशासन और निर्माण एजेंसियां सड़कों को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर कार्रवाई नहीं कर रही है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। हाल ही में पुंछ सेक्टर में शहीद हुए योगंबर भंडारी के पैतृक गांव सांकरी को जाने वाली सड़क पर भी पिछले दिनों हुई बरसात के दौरान मलबा आ गया था। ग्रामीण लगातार सड़क को खोलने की मांग कर रहे थे। परंतु अभी तक इस सड़क से मलबा हटाने के लिए एक जेसीबी तक नहीं भेजा गया। सिस्टम की उदासीनता के बाद ग्रामीणों और शहीद के परिजनों को सांत्वना देने जा रहे जन प्रतिनिधियों ने सड़क का मलबा हटाकर आवाजाही कराई। श्रमदान करने वालों में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण बिष्ट, हरिकृष्ण भटट, संदीप कुमार, नरेंद्र पंवार, सुरेंद्र सिंह, महावीर सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रवीण सिंह आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!