गोपेश्वर (चमोली)। आपदाओं और आपदा प्रभावितों की सुरक्षा को लेकर सरकार और प्रशासन की ओर से किये जा रहे प्रयास जिले में नाकाफी नजर आ रहे हैं। ऐसे में जिले के जाखंणी गांव के ग्रामीणों ने सीएम घोषणा के बाद भी गांव के रोड़ा गदेरे में सुरक्षा कार्य न होने के चलते विधानसभा चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। ग्रामीणों ने बुधवार को मामले में जिलाधिकारी हिमांशु खुराना को ज्ञापन सौंपा है।
ग्राम प्रधान जाखणी रोशनी देवी और ममंद अध्यक्ष सावित्री देवी ने बताया कि वर्ष 2015 में गांव के रोड़ा गदेरे में आई आपदा के बाद से गदेरे से गांव में कटाव हो रहा है। जिसे देखते हुए वर्ष 2016 में ग्रामीणों की मांग पर तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से यहां गदेरे में सुरक्षा कार्य करने की घोषणा की थी। लेकिन प्रशासन की ओर से वर्तमान तक यहां सुरक्षा कार्य शुरु नहीं किये जा सके हैं। बताया की कई बार मामले में जिला प्रशासन से पत्राचार के बाद भी कोई पुख्ता कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। ऐसे में ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रोड़ा गदेरे में सुरक्षा कार्य शीघ्र शुरु न होने पर आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। ऐसे में सरकारी मशीनरी की ओर से आपदा और आपदा प्रभावितों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशीलता का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। इस मौके पर घाट ब्लॉक के ज्येष्ठ प्रमुख अब्बल सिंह कठैत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शकुन्तला देवी, चन्द्र मोहन सिंह, दर्शन सिंह फरस्वाण, पुष्कर सिंह, खुशाल सिंह, रमेश चन्द्र पुरोहित आदि मौजूद थे।
