गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के घाट विकास खंड के सरपाणी गांव के 25 आपदा प्रभावित परिवारों के पुर्नवास की आस जग गई है। यहां प्रभावित परिवारों को पुर्नवासित करने के लिये आपदा प्रबंधन विभाग ने एक करोड़ छह लाख 50 हजार का वित्तीय प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिये भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारियों की माने तो आगामी दो माह में वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद प्रभावितों के पुर्नवास की प्रक्रिया शुरु कर दी जाएगी।
बता दें, वर्ष 2018-19 में घाट ब्लॉक के सरपाणी गांव में आपदा के दौरान गांव के 25 परिवारों के आवासीय भवन के साथ अन्य परिसंपतियां क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसके बाद से ग्रामीण शासन और प्रशासन से लगातार पुर्नवास की मांग करते आ रहे थे। ऐसे में अब आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आपदा क्षेत्र के साथ ही पुर्नवास के लिये प्रस्तावित भूमि का भूगर्भीय सर्वेक्षण कर एक करोड़ छह लाख 50 हजार का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। जिससे यहां आपदा प्रभावित ग्रामीणों का पुर्नवास शीघ्र होने की आस जग गई है। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि पुर्नवास को लेकर भूमि के सर्वेक्षण के साथ ही अन्य कार्रवाई भी पूर्ण कर ली गई है। जिसके आधार पर 25 परिवारों के पुर्नसवास का प्रस्ताव शासन में स्वीकृति के लिये भेजा गया है। शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलते ही ग्रामीणों के पुर्नवास की प्रक्रिया शुरु कर दी जाएगी।
