posted on : December 12, 2022 9:25 pm
रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने 175वें स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में स्टार्टअप एक्सपो 2022 का आयोजन किया। आईआईटी रुड़की ने उद्यमिता का उत्साहवर्धक इकोसिस्टम विकसित किया है जिसमें विद्यार्थी और फैकल्टी के सदस्यों द्वारा स्टार्ट-अप के विकास के साथ-साथ संस्थान के बाहर के लोग भी अपने स्टार्टअप के इनक्यूबेशन में मदद प्राप्त कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि आईआईटी रुड़की के इनोवेशन इकोसिस्टम से अब तक 125 से अधिक स्टार्टअप सहायता प्राप्त कर चुके हैं। स्टार्टअप एक्सपो के दौरान 50 स्टार्टअप ने अपने प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी प्रस्तुत किए जो मुख्य रूप से एआई-एमएल, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, स्वास्थ्य विज्ञान, कृषि, पर्यावरण, ऊर्जा क्षेत्र और ई-कॉमर्स जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों के लिए हैं। आयोजन की परिकल्पना मुख्य रूप से रक्षा पर आधारित है। इसका उद्देश्य स्टार्ट-अप के संस्थापकों और विभिन्न भागीदारों के बीच संवाद को बढ़ावा देकर उद्यमिता का उत्साहवर्धक परिवेश बनाना था। आयोजन में आईआईटी रुड़की के छात्र, फैकल्टी के सदस्य, स्टार्टअप्स और उद्योग जगत के 100 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। संस्थान के 175 साल पूरे होने के अवसर पर जारी स्मारक डाक टिकटों और सिक्कों के स्टॉल में भी स्टार्टअप एक्सपो देखने आए लोगों की खासी दिलचस्पी देखी गई।
आयोजन का उद्घाटन डॉ. कैलाश कुमार पाठक, निदेशक, डीएफटीएम डीआरडीओ, कर्नल वीरभद्र सिंह रावत, रक्षा समन्वयक, उत्तराखंड सरकार और शंभु शर्मा, संचालन प्रमुख, ओपटेल ने किया। इस अवसर पर अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति देखी गई। इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप का पुरस्कार विभिन्न डोमेन के 4 स्टार्टअप्स को दिया गया। विजेताओं के नाम हैं – इंडीजेनस एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, साइफर, बैलिस स्मार्ट डिवाइसेज़ और सुपर गुड नैनो प्रा. लिमिटेड।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
