गोपेश्वर (चमोली)। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने बुधवार को बयान जारी करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड में भाजपा के दोनों ही मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में सरकार कोविड-19 की रोकथाम व लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने में पूरी तरह से विफल रही है।
पूर्व काबीना मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की निरंकुशता के कारण वर्तमान समय में चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर में स्व. नरेन्द्र सिंह भण्डारी जिला चिकित्सालय में कोविड-19 महामारी बीमारी से बचाव के लिए जनपद के वासियों को कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिला चिकित्सालय जो मात्र 80 बेड के साथ संचालित हो रहा है, उसमें भी जनपद वासियों को इस महामारी में सीटी स्केन, आरटी पीसीआर की जांच के उचित संसाधन व विशेषज्ञ न होने के अभाव में अन्यत्र अस्पतालों में ईलाज के लिए दोड़ना पड रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आज जिला मुख्यालय में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय जिस बेस अस्पताल का शासनादेश जारी कर स्वीकृति टोकन मनी के साथ की थी यदि राजनैतिक विद्वेष की भावना को त्याग कर उसे समय पर पूरा कर दिया गया होता तो वर्तमान समय में लोगों को सुविधा मिल पाती। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान समय में बेस अस्पताल प्रारम्भ हो गया होता तो भविष्य में इस बेस अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाया जा सकता था, वहीं गरीब परिवारों के बच्चों को भी मेडिकल कॉलेज में दााखिला कर एमबीबीएस की पढ़ाई कर पाते। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में सीटी स्केन मशीन के साथ विशेषज्ञ की तैनाती करें व जनपद के सभी अस्पतालों में कोरोना जांच की पूरी सुविधा मुहैया करवायी जाए ताकि लोगों को समय से रिपोर्ट मिल सके। और लोगों को राहत मिलें।
