गोपेश्वर (चमोली)। जिला मुख्यालय गोपेश्वर समेत जिले के कई स्थानों पर बढ़ती पेयजल किल्लत को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी व वामपंथियों ने गोेपेश्वर में जल संस्थान के कार्यालय पर धरना देते हुए अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन सौंप कर पेयजल व्यवस्था को ठीक करने की मांग की है।
जिला मुख्यालय गोपेश्वर के कई स्थानों पर पिछले कुछ दिनों से पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है जिससे उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वही पीपलकोटी क्षेत्र के अगथला, कम्यार, रैतोली में एक लंबे अर्से से लोग पेयजल किल्लत से जुझ रहे है। आम आदमी पार्टी के संगठन मंत्री कुलदीप नेगी ने बताया कि क्षेत्र में तीन सौ से अधिक परिवार निवास करते है लेकिन पेयजल आपूर्ति सुचारू न होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिशासी अभियंता से क्षेत्र के लिए बनी पेयजल योजना के सुधारीकरण किये जाने की मांग की है। वहीं सीपीएम के ज्ञानेंद्र खंतवाल व मदन मिश्रा का कहना है कि जिला मुख्यालय गोपेश्वर में भी पेयजल आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। वर्तमान समय में कई मोहल्लों में एक समय ही पानी आ रहा है जिससे लोगों को प्राकृतिक स्रोतों की ओर जाना पड़ रहा है। धरना देने वालों में कुलदीप नेगी, मदन मिश्रा, ज्ञानेंद्र खंतवाल, आप के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग पोखरियाल, अनूप रावत, दीपक कुमार आदि शामिल थे।
