गोपेश्वर (चमोली)। पिछले आठ दिनों से चल रही सफाई कर्मियों की हड़ताल ने पूरा शहर गंदगी के आगोश में समा गया है। लोगों का घरों से बाहर निकला मुसीबत भरा हो गया है। जहां-तहां पसरी गंदगी से आना-जाना भी कठिन हो रहा है। वातावरण इतना दूषित होने लगा है कि सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।

बता दें कि बीते 19 जुलाई से देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संगठन के बैनर तले सफाई कर्मियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल चल रही है। जो मंगलवार को भी जारी रही। सफाई कर्मियों की ओर से नगर पालिका परिषद गोपेश्वर के कार्यालय पर धरना दिया जा रहा है। आठ दिनों से चली आ रही हड़ताल से पूरे नगर क्षेत्र की सूरत ही बदल गई है। जहां देखो कूड़े ढेर ही नजर आ रहे है। उनसे निकलने वाली सडांद से लोगों को सांस लेने में भी दिक्कते आ रही है। शहर का वातावरण इतना दूषित हो गया है कि अब बीमारियों के फैलने का अंदेशा होने लगा है। इधर संगठन के जिलाध्यक्ष विषम्बर कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार उनकी मांग पर सकारात्मक पहल करने के पक्ष में नहीं दिख रही है। जिससे सफाई कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। मंगलवार को धरना देने वालों में संघ के जिलाध्यक्ष विशम्बर कुमार, संरक्षक कमल चैटाला, सोनू कुमार, राहुल पंवार, दीपक कुमार, रवि कुमार, मनोज चुनियाल, राजीव पंवार, विनोद सहदेव, संजय ढिगिया, संजय कुमार, शुभम कुमार, मुकुल सेलवान, कपिल चुनियाल और अजय कुमार आदि मौजूद थे।

 

भाकपा माले ने किया सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन

भाकपा (माले) ने प्रदेश में चल रही पर्यावरण मित्रों की हड़ताल को समर्थन दिया है। मंगलवार को भाकपा (माले) के गढवाल सचिव इंद्रेश मैखुरी ने कर्णप्रयाग और गौचार में धरना स्थल पर जाकर आंदोलन कर रहे पर्यावरण मित्रों को समर्थन दिया है।

धरना स्थल पर आयोजित सभा में इंद्रेश मैखुरी ने कहा कि पर्यावरण मित्रों की ओर से नियमितीकरण, पदोन्नति, पुरानी पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन, आउटसोर्सिंग व ठेके पर नियुक्ति के बजाय स्थायी नियुक्ति, सफाई कर्मचारियों को पक्के आवास जैसी वाजिब मांगों पर कार्रवाई को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। लेकिन सरकार की ओर से पर्यावरण मित्रों की मांगों को लेकर उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। जबकि विभिन्न जगहों पर सत्ताधारी पार्टी से जुड़े नगरपालिका अध्यक्ष व सभासद कूड़ा उठाते हुए फोटो खिंचवा रहे हैं। जो दिखावे से अधिक तनावपूर्ण स्थिति पैदा करने का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को मामले में तत्काल कार्रवाई कर पर्यावरण मित्रों की मांगों को पूर्ण कर स्थिति को समान्य करना चाहिए।

 

पर्यावरण मित्रों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र हो कार्रवाईः विकास जुगरान

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता विकास जुगराज ने प्रदेश में चल रही पर्यावरण मित्रों की हड़ताल का समर्थन किया है। उन्होंने राज्य सरकार से पर्यावरण मित्रों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर आम जनता को राहत देने की मांग उठाई है। राज्य सरकार और उनके प्रतिनिधियों की ओर से कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा कर सफाई का दिखावा किया जा रहा है। जिससे एक और नगर क्षेत्रों में तनाव बढ़ने की संभावना बनी हुई है। वही जगह जगह लग रहे कूड़े के ढेरों से महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।

 

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!