-कहा जिस तरह यहां की जनता ने लोक सभा चुनाव में अपना आशीर्वाद भाजपा को दिया है उप चुनाव में भी उसी तरह का आशीर्वाद देगी

गोपेश्वर (चमोली)। सड़क एवं परिवहन केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास की बयार बह रही है। जनता भाजपा के शासन से खुश नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण लोक सभा चुनाव है जिसमें जनता ने भाजपा पर विश्वास जता कर तीसरी बार सत्ता सौंपी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में चीन बॉडर तक सड़कों का जाल बिछा है। देश के पहले गांव माणा जो भी विपक्षी सरकारों की नजरों में नहीं थी वहां भी भाजपा ने विकास को पहुंचाया है।

शनिवार को बदरीनाथ धाम के दर्शन कर माणा गांव में मतदाताओं से मिलने के बाद गोपेश्वर पहुंचने पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस ने इस क्षेत्र को कभी भी महत्वपूर्ण नहीं समझा और यहां के लोगों के जीवन में परिवर्तन आए इस और कभी ध्यान नहीं दिया। जबकि यह देश की सुरक्षा के लिए सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। 21 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री मोदी जब बद्रीविशाल जी के दर्शन करने को आए तब उन्होंने माणा गांव में रहकर यहां के क्षेत्र की समस्याओं और यहां के क्षेत्र की आवश्यकताओं के संबंध में उच्च अधिकारियों के साथ बैठकर कर यहां के विकास और सुरक्षा का खाका खींचा था। और यही से उन्होंने 34 सौ करोड़ की विकास की योजनाओं का भी शिलान्यास किया था। भाजपा सदैव आम जनमानस की जीवन कैसे लाभ हो सरकार की योजनाओं से कैसे लाभ हो उसके लिए निरंतर काम कर रही है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष स्नेह और लगाव है। उत्तराखंड के विकास के लिए वह निरंतर कुछ नया करते रहते हैं। उत्तराखंड के चारधाम इसका जीता जागता उदाहरण है। चारों धामों के लिए ऑल वेदर का निर्माण करना हो। मां यमुनोत्री के लिए रोपवे की अनुमति देना हो, बाबा केदारनाथ धाम के लिए रोपवे का निर्माण करना हो, हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे की स्वीकृति देना हो और बदरीनाथ विधानसभा में बद्री विशाल धाम के लिए मास्टर प्लान के तहत तेज गति से हो रहे कार्यों के लिए वह निरंतर उत्तराखंड सरकार के संपर्क में रहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ और केदारनाथ में पुनर्निमाण का कार्य तेजी से चल रहा है। दिसंबर 2024 तक सभी कार्यों को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन की दिशा में निरंतर यहां पर बाहर से आने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है जिससे यहां के स्थानीय निवासियों और उत्तराखंड सरकार को आर्थिक रूप से बहुत बड़े स्तर पर लाभ हो रहा है।  यह राज्य के विकास के लिए बहुत बड़े शुभ संकेत है।

उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से भारत में सड़कों का जाल बिछ है और सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूर्ण कर रहा है वह पूरे विश्व में भारत के सड़कों के विकास को लेकर चर्चा का विषय है। आज उत्तराखंड में किसी भी क्षेत्र को देखिए वह तेज गति से सड़क मार्ग से जुड़ रहा है ऐसा तब हो रहा है जब केंद्र और राज्य में समान विचारों की सरकार है। पिछले 10 वर्षों में देश में 90,000 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों और 30,000 किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ के आस-पास के क्षेत्रों को भी मॉडल रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। देश की सीमा के आखिरी गांव ’माणा गांव’ और उसके पड़ोस के क्षेत्रों को ’रूरल टूरिज्म’ के लिए विकसित करने की दिशा में भी ध्यान दिया जा रहा। यहां लोकल कल्चर और लोकल प्रोडक्ट को बढ़ावा देकर इकोनॉमी का अच्छा मॉडल बनाया जा सकता है। केंद्र की मोदी सरकार ने सीमाओं पर रहने वाले उत्तराखंड के 51 गांव को “वाइब्रेट विलेज“ योजना के तहत विकास की दृष्टि से लिया है। इसमें प्रमुख रूप से विकास की योजनाओं पर काम होना है। उसमें सड़कों का निर्माण, स्वास्थ्य व्यवस्था, पोस्ट ऑफिस बैंक और तमाम वह कार्य होने हैं जो आज के युग में आवश्यक है। उन्होंने बदरीनाथ की जनता से भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र सिंह भण्डारी को उपचुनाव में जिताकर क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। इस मौके प्रदेश प्रवक्ता बिनोद सुयाल, विधानसभा प्रभारी विजय कपरूवान, विधानसभा सह सयोजक योगेन्द्र सेमवाल, विशेष आमंत्रित सद्स्य बलबीर घुनियाल, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र हटवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता रणजीत नेगी, कमलेश सती, प्रवासी कार्यकर्ता प्रभाकर भट्ट आदि मौजूद थे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!