जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ नगर क्षेत्र में ऊर्जा निगम के अधिकारियों की सुस्त कार्य प्रणाली उपभोक्ताओं और संविदा कर्मचारियों के परेशानी कारण बनने लगी है। नगर में बिल बनाने के प्रयुक्त होने वाली मशीन के खराब होने से स्थानीय लोगों को बिल नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को अब एकमुश्त बिल और बिल में लगने वाले अतिरिक्त व्यय की चिंता सताने लगी है।
ऊर्जा निगम की ओर से जोशीमठ में टीजी मीटर रीडर के पद पर कार्यरत अमित कुमार पलेठा का कहना है कि नगर की बिल प्रिटिंग मशीन के खराब होने से उपभोक्ताओं को बिल उपलब्ध कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं की ओर से लगातार बिल उपलब्ध कराने के लिये दबाव बनाया जा रहा है। जिसके चलते मामले में अक्तूबर माह में उपखंड अधिकारी को भी मशीन खराब होने से हो बिल वितरण की दिक्कतों के लिये लिखित जानकारी दी गई। लेकिन वर्तमान तक विभाग की ओर से मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे संविदा कर्मचारी के साथ ही उपभोक्ता बिल न मिलने से परेशान हैं। उन्होंने मामले में उच्चाधिकारियों से शीघ्र समस्या का निराकरण करने की मांग उठाई है।
जोशीमठ के उपभोक्ताओं की ओर से बिल न मिलने की शिकायत नहीं की गई है। शिकायत मिलने पर मामले को दिखवाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सूरजमल तेगवाल, ईई, ऊर्जा निगम, गोपेश्वर-चमोली।
