गोपेश्वर (चमोली)। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुल सचिव डा. एमएस पंवार ने मंगलवार को गोपेश्वर विधि महाविद्यालय का दौरा कर वहां की समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
विधि महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार ने कुल सचिव को जानकारी दी कि वर्तमान समय में एलएलबी की संबद्धता न मिलने के कारण छात्रों का एलएलबी में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ नहीं की जा सकी है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में गोपेश्वर में ही एकमात्र राजकीय विधि महाविद्यालय है। जो पिछले 42 वर्षों से संचालित हो रहा है लेकिन वर्तमान सत्र में एलएलबी की संबद्धता न होने के कारण प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हो पायी है। उन्होंने कुल सचिव के सम्मुख विधि महाविद्यालय में एलएलएम शुरू करवाने की भी मांग रखी। कुल सचिव ने बताया कि विधि महाविद्यालय को श्रीदेव सुमन विश्व विद्यालय में मर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूर्ण होने पर सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। इस मौके पर विधि महाविद्यालय के प्रवक्ता अमित कुमार मिश्र, डा. विपिन चंद आदि मौजूद थे।
