कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकास खंड के नौना और पंया गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कर सीएम घोषणा में शामिल चांदपुरगढी-नौना-पंया सड़क का निर्माण करवाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने मामले में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। सीएम घोषणा के बाद सर्वे कार्य और पेड़ों का कटान होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरु न होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की है।
बता दें कि वर्ष 2020 में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत की ओर से ग्रामीणों की मांग पर नौना और पंया गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिये सड़क निर्माण के साथ ही आटागाड़ नदी पर पुल निर्माण की घोषणा की थी। जिसके बाद लोनिवि गौचर की ओर से यहां सड़क निर्माण के लिये तीन सर्वे कार्य करने के बाद चिंहित पेडों का कटान कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लेकिन वर्तमान तक सड़क का हिल कटिंग कार्य शुरु नहीं हो सका है। ऐसे में यहा ग्रामीणों को आदिबरी पहुंचने के लिये 4 किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। जिससे गांव के बीमार और गर्भवती महिलाओं को चिकित्सालय पहुंचाने के लिये भी ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बच्चे भी पैदल जंगल के मार्ग से आवजाही कर रहे हैं। जिससे यहां वन्य जीवों के हमले की आशंका बनी रहती है। उक्त मार्ग से आदिबदरी तहसील कार्यालय को भी सड़क मार्ग से जोड़ा जाना है। लेकिन सड़क न होने के यहां तहसील के भवनों का निर्माण भी नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण करवाने की मांग उठाई। ज्ञापन में भगवती खंडूड़ी, जगदीश नौनी, कैलाश खंडूड़ी, हर्षवर्धन नौनी, भुवनेश्वर नौनी, बंशीधर मनोड़ी, रामप्रसाद खंडूड़ी और भुवनचंद्र नौनी आदि के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
