posted on : July 11, 2025 8:01 pm

गोपेश्वर (चमोली)। पर्यटन एवं धर्मस्व सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने शुक्रवार को चमोली जिले के बेनीताल क्षेत्र का भ्रमण कर पर्यटन विकास से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव गर्ब्याल ने 13 डिस्ट्रिक्ट 13 डेस्टिनेशन योजना के अंतर्गत बेनीताल में निर्माणाधीन एस्ट्रो विलेज परियोजना का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था गढ़वाल मंडल विकास निगम को निर्देशित किया कि एस्ट्रो विलेज का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि माह सितंबर  तक पूर्ण कर लिया जाए।

सचिव गर्ब्याल ने आगामी अक्टूबर माह में बेनीताल में एस्ट्रो इवेंट आयोजित किए जाने की योजना के संबंध में भी दिशा-निर्देश जारी करते हुए जिला पर्यटन विकास अधिकारी को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान सचिव ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए क्षेत्रीय पर्यटन संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि एस्ट्रो टूरिज्म से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। इस क्रम में उन्होंने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को क्षेत्र के युवाओं को एस्ट्रो टूरिज्म से संबंधित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी  अरविंद गौड़, गढ़वाल मंडल विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक रावत, सहायक अभियंता संजय गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!