posted on : July 21, 2021 5:09 pm

कहा नवाचार योजना की धनराशि अन्य योजनाओं पर खर्च किये जाने की होगी जांच

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में हल्दापानी में हो रहे भूस्खलन जोन के ट्रीटमेंट के लिए आपदा मद से दो करोड़ की धनराशि दी जायेगी ताकि इसकी जद में आ रहे भवनों व काश्तकारी की भूमि की सुरक्षा हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभागों को निर्देश दिये गये हैं कि कार्यों में तेजी लायें ताकि समय से विकास कार्य पूरे हो सके। विशेष कर सड़क मार्गों की स्थिति को सुधारने के लिए  विशेष ध्यान दिये जाने की बात कही। उन्होंने नवाचार योजना की धनराशि अन्य कार्यों पर खर्च किये जाने को लेकर भी नाराजगी जताते हुए इसके जांच करने की बात कही है। 

बुधवार को भाजपा की कार्य समिति की बैठक में प्रतिभाग करने पहुंचे प्रभारी मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के बड़े निर्माण कार्यों को चार भागों में बांट कर उन्हें स्थानीय बेरोजगार युवाओं को दिया जाएगा ताकि काम समय पर पूरा हो सके और युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर अभी न्यायालय की ओर से रोक लगायी गई है जैसे की इस पर रोक हटेगी यात्रा को सुगम बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोनिवि को निर्देश दिए गये है कि सड़क के साथ-साथ नालियों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए ताकि बरसात का पानी सड़क पर न बहे। उन्होने कहा कि विभाग को प्रत्येक ऐसे स्थान पर साइनेज लगाने की बात कही  गई है जहां पर सड़क खराब है  अथवा नेटवर्क की समस्या है ताकि लोग सर्तक हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि वैकल्पिक मार्गों को भी विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग सड़क  मार्गों से जुडे और मार्ग अवरूद्ध होने पर इनका उपयोग किया जा सके। प्रभारी मंत्री ने अभी तक जिले में डीपीसी गठन न होने पर इसकी जानकारी लेने की बात भी कही। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, विधायक बदरीनाथ महेंद्र भट्ट, थराली मुन्नी देवी शाह, महिला आयोग की उपाध्यक्ष पुष्पा पासवान, मीडिया प्रभारी महावीर रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष हरक सिंह नेगी, अरूण मैठाणी, टीका प्रसाद मैखुरी, रामकृष्ण रावत, मीडिया प्रभारी शांति राणा, राकेश डिमरी आदि मौजूद थे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!