गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला सहकारी बैंक गोपेश्वर की बुधवार को बैंक शाखाओं के शाखा प्रबन्धकों और सचिवों की समीक्षा बैठक का आयोजित की गई। जिसमें बताया गया कि विगत वित्तीय वर्ष में दीन दयाल सहकारिता किसान कल्याण योजनान्तर्गत शून्य प्रतिशत के ब्याज दर पर तीन हजार काश्तकारों को 28 करोड़, 27 लाख का ऋण अल्पकालीन, मध्यकालीन और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से वितरित किया गया। साथ ही समितियों के माध्यम से 15 करोड़ से अधिक की वसूली भी की गई।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र रावत की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में उन्होंने कहा कि इस वर्ष और अधिक काश्तकारों को दीन दयाल सहकारिता किसान कल्याण योजना से आच्छादित किया जाएगा। बताया कि उत्तराखण्ड सरकार की ओर से समस्त बहुद्देशीय साधन सहकारी समितियों को कंप्यूटरीकरण किया जाएगा।
बैठक में सरकार की ओर से चलाई गई आईसीडीपी योजनान्तर्गत संचालित पतंजली केन्द्रों मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना, बहुद्देशीय सेवा केन्द्र एवं सहकारी खेती की समीक्षा भी की गई जिसमें में सभी समितियों को मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना को लागू करने के निर्देश जारी किये गये। वर्तमान में जनपद की दो समितियों को बहुद्देशीय सेवा केन्द्रों के रूप में स्थापित किये जाने का निर्णय लिया गया और चार समितियों को सहकारी खेती योजनान्तर्गत कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिये गये। बैठक में बैंक के सचिव/महाप्रबन्धक रामपाल सिंह, जिला सहायक निबन्धक राकेश लाल, एडीसीओ गंगा लाल, बैंक उपमहाप्रबन्धक धीर सिंह, दीक्षा कण्डवाल गौड़, सुभाष शाह आदि मौजूद थे।
