posted on : May 15, 2021 5:16 pm

कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकासखंड के ग्राम पंचायत खडगोली के ग्रामीणों ने क्षेत्र में पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग की ओर सड़क निर्माण के लिये बिना अनुमति खनन करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मामले में जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पीएमजीएसवाई के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने अनियंत्रित अवैध खनन होने से गावं के तल्ला सोनी गांव में भूस्खलन की आशंका भी व्यक्त की है।

ग्राम पंचायत खडगोली के प्रधान गोविंद सिंह नेगी और अनिल प्रसाद का कहना है कि इन दिनों पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग की ओर से गांव में पीसी बिछाने का कार्य किया जा रहा है। जिसके लिये प्रयुक्त पत्थरों का विभागीय अनुबंधित ठेकेदार की ओर से गांव के तल्ला सोनी तोक से बिना अनुमति के खनन किया जा रहा है। वहीं खनन कार्य भी अनियंत्रित तरीके से करने से यहां जहां भूमि खुर्दबुर्द होने से भूस्खलन का खतरा पैदा हो गया है। वहीं तोक में बड़ी संख्या में चीड के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को दिये जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न किये जाने के चलते यहां ठेकेदार के हौंसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए गांव की सुरक्षा करने और निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार और लापरवाह विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। ग्रामीणों की ओर से शनिवार को जिलाधिकारी को भेजे गये पत्र में कमलेश पुरोहित, रमेश पुरोहित, पवन पुरोहित, राकेश लाल, संदीप कुमार, विनोद नेगी, मलदत्त पुरोहित, कल्पेश्वर कुमार, अनिल जोशी, महेंद्र कुमार और रामू पुरोहित आदि शामिल हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!