गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के हाट गांव के जल विद्युत परियोजना की निर्मात्री कंपनी टीएचडीसी से प्रभावित ग्रामीणों ने एक माह बाद भी न्याय न मिलने पर शुक्रवार को काला दिवस मनाते हुए एक दिवसीय अनशन किया गया।
बता दें कि एक माह पूर्व 22 सितम्बर को जल विद्युत परियोजना टीएचडीसी की ओर से हाट गांव के ग्रामीणों के भवनों का ध्वस्तीकरण कर दिया गया था। जबकि इनमें कुछ ऐसे परिवार भी थे जिन्होंने अभी तक परियोजना से किसी प्रकार से विस्थापन की राशि नहीं ली गई है। साथ इनमें कई परिवारों के पास अब रहने के लिए घर तक नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों ने एक माह बाद भी टीएचडीसी के इस गैर जिम्मेदाराना कार्य को लेकर किसी प्रकार की कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को हाट गांव स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में काला दिवस मनाते हुए अनशन किया। हाट के प्रधान राजेंद्र हटवाल तथा जेष्ट प्रमुख पंकज हटवाल का कहना है कि टीएचडीसी की इस कार्रवाई को लेकर गांव का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से भी मिला था लेकिन अभी तक जिलाधिकारी स्तर से ग्रामीणों के साथ किसी प्रकार की बैठक नहीं की गई है। जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो उन्हें आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा। इस मौके पर अमित गैरोला, इंद्र प्रकाश पंत, प्रताप सिंह, तारेंद्र जोशी, विजया देवी, बिंदी देवी, नर्वदा देवी, उमा देवी, सतेश्वरी देवी, धन सिंह आदि मौजूद थे।
