पोखरी (चमोली)। जिले के पोखरी नगर पंचायत की ओर से गुनियाला गांव के नीचे वन पंचायत की भूमि पर कूड़ा डंपिंग जोन बनाये जाने का ग्रामीणों ने विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।
गुरूवार को गुनियाला गांव के ग्रामीणों ने नगर पंचायत पोखरी की ओर से गांव की वन पंचायत की भूमि बनाये गये डंपिंग जोन पर पहुंच कर प्रदर्शन कर इसका विरोध किया। वन पंचायत सरपंच माला कंडारी, प्रबल रावत, मनदीश कंडारी का कहना है कि नगर पंचायत की ओर से बिना ग्रामीणों की सहमति वन पंचायत की भूमि पर कूड़ा डंपिंग जोन बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने इसी स्थान मुख्यमंत्री चारागाह से पौधरोपण भी किया गया है। यहीं पर वन विभाग की ओर से संरक्षित बाज के पेड़ लगाये है और नगर पंचायत यहां पर कूड़ा निस्तारण कर वन पंचायत की कई नाली भूमि नष्ट करने पर आमादा है। उनका यह भी आरोप है कि इससे गांव में वायु प्रदूषण भी बढ़ेगा और बरसात ओर गर्मी के मौसम में कई प्रकार की बीमारियों का शिकार भी ग्रामीणों को होना पड़ सकता है। लिहाजा इस डंपिंग जोन को यहां से हटाया जाए। विरोध प्रर्दशन करने वालों में सरपंच माला कंडारी, मनदीश कंडारी, प्रबल रावत, सरस्वती देवी, शशि देवी, माहेश्वरी देवी, जशोदा देवी, कश्तूरा देवी, सोनी देवी, जसमती देवी, शाकम्बरी देवी, गोकूल लाल, सिताबू लाल, जगदीश, सत्येन्द्र कंडारी आदि मौजूद थे।
इधर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजय रावत का कहना है कि जिलाधिकारी चमोली की ओर से कार्यस्थल पर एक नाली भूमि कूड़ा निस्तारण स्थल, डंपिग जोन बनाये जाने के लिए भूमि दी गयी है। उसके अनुसार कार्य किया जा रहा है।