गोपेश्वर (चमोली)। गोपेश्वर नगर क्षेत्र में जनसंपर्क और जन संवाद करते हुए कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भंडारी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की विकास के नाम पर सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि उनके जिला मुख्यालय पर एक शानदार जिला कार्यालय बनाया है। जो काम कांग्रेस 65 साल के राज में नहीं कर पायी वह कार्य भाजपा दो कार्यकाल में कर चुकी है। इससे बड़ा विकास और क्या हो सकता है।
जन संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भाजपा कुप्रचार कर रही है कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में कुछ नहीं किया तो फिर यह सरकार बताये कि जो बीएसएनएल, एलआईसी, बैंक, रेलवे, हवाई अड्डे भाजपा बेच रही है वह किसने बनाये थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने 60 साल के राज में बनाया था उसी को बेच कर आज यह सरकार स्वयं का विकास कर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के लिए समर्थन मांगते हुए कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से सिर्फ कांग्रेस ही निजात दिला सकती है। इस दौरान कई युवाओं ने कांग्रेस का हाथ भी थामा। जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी, आंनद सिंह पंवार, अरविंद नेगी, गोपाल रावत, दीवान सिंह बिष्ट, विकास जुगरान, हरेंद्र सिंह राणा, धीरेंद्र गडोरिया, सूर्य पुरोहित आदि मौजूद थे।