posted on : November 20, 2025 9:39 pm

दिन बाद घायल मिली जंगल में महिला

पोखरी (चमोली)। भालू के हमले में बुरी तरह जख्मी पाब गांव की रामेश्वरी देवी को एअरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है। बताते चलें कि मंगलवार को पाब गांव की 45 वर्षीय रामेश्वरी देवी गजे-डुंग्रा के जंगल में घास लेने गई थी। इसी दौरान वह भालू के हमले में गंभीर रूप से जख्मी हो गई। महिला देर सांय तक घर नहीं लौटी तो परिजनों समेत ग्रामीणों ने महिला की खोजबीन जंगल में शुरू कर दी। इस आशय की सूचना थाना पोखरी तथा वन विभाग को दी गई। देर रात तक चलाए गए सर्च आपरेशन के तहत महिला का परांदा, रस्सी और दरांती जंगल की झाड़ियों में मिली। कुछ स्थानों पर खून के धब्बे भी पाए गए। रात का अंधेरा होने के चलते महिला का कोई पता नहीं चल पाया  तो सर्च आपरेशन को रोकना पड़ा। गुरूवार को ग्रामीणों, वन कर्मियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च आपरेशन शुरू किया। काफी दूर चौड़ा गदेरे क्षेत्र में एक चट्टान पर पेड़ की जड़ में फंसी घायल रामेश्वरी देवी को भालू के हमले के बाद गंभीर अवस्था में पाया गया। रेस्क्यू टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद महिला को चट्टान से निकालकर सड़क तक पहुंचाया और सीएचसी पोखरी लाया गया। सीएचसी पोखरी में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को एअरलिफ्ट कर हायर सेंटर एम्स रेफर किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता, डॉ. हिमांशु और डॉ. सन्नी ने बताया कि महिला के चेहरे पर भालू ने गहरे घाव किए हैं। घायल महिला ने वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर सिंह नेगी और थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत को बताया कि घास काटते समय अचानक भालू ने हमला किया। जान बचाने के लिए वह भागी, लेकिन पैर फिसलने से चट्टान से नीचे गिर गई और पेड़ में फंस गई।

रेस्क्यू टीम में वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर सिंह नेगी, थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत, वन दरोगा आनंद सिंह रावत, वन दरोगा राजेश सिंह नेगी, वन आरक्षी दिनेश राणा,वन आरक्षी  उमेद सिंह नेगी,वन आरक्षी  विनोद सिंह,वन आरक्षी  अमित भण्डारी, वन आरक्षी  हरीश चौहान, सब इंस्पेक्टर दलवीर नेगी, सिपाही भरत सिंह टोलियां, अजयपाल सिंह, ममता, मनोज भण्डारी, दीपक भण्डारी, यशवंत सिंह भण्डारी, करण सिंह भण्डारी सहित तमाम वन कर्मी, पुलिस कर्मी और   ग्रामीण शामिल रहे।

वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि भालू के हमले में घायल महिला को वन विभाग की ओर से एक लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने, झाड़ियों की सफाई करने और खेत काश्तकारी में समूह में कार्य करने की अपील की है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!