गोपेश्वर (चमोली)। आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में आप की सरकार बनने के बाद तीन सौ यूनिट बिजली फ्री दिये जाने के वायदे के बाद अब लोगों को सोमवार से स्टाल लगाकर बिजली फ्री दिये जाने का गारंटी कार्ड बांटना शुरू कर दिया है।
आम आदमी पार्टी के पूर्व बदरीनाथ विधान सभा प्रभारी अनूप रावत और मीडिया प्रभारी अनुराग पोखरियाल ने कहा कि दिल्ली से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देहरादून आकर लोगों से वायदा किया है कि यदि आने वाले विधान सभा चुनाव में उनकी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता है और उनकी सरकार उत्तराखंड में बनती है तो वे यहां के लोगों को प्रतिमाह तीन सौ यूनिट बिजली फ्री देंगे साथ ही किसानों को कृषि कार्य के लिए निशुल्क बिजली उपलब्ध करवायी जायेगी। इसी कड़ी में अब आम आदमी पार्टी जनता के बीच जाकर फ्री बिजली दिये जाने का गांरटी कार्ड दे रही है ताकि लोगों को विश्वास हो सके कि आम आदमी पार्टी जनता से जो वादा करती है उसकी गारंटी भी देती है। अन्य दलो और पार्टियों की तरह खाली कोरी घोषणाऐं कर जनता को बरगलाने का काम नहीं करती है। उन्होंने कहा कि आगामी दस दिनों तक चमोली जिले के विभिन्न स्थानों पर यह गारंटी कार्ड वितरित किये जायेंगे। इस मौके पर मनोज डुंगरियाल, प्रदीप बिष्ट, नवीन सिंह आदि मौजूद थे।
