दो अन्य छात्र नेताओं ने संभाला मोर्चा, आमरण अनशन पर बैठे
पोखरी (चमोली)। पोखरी महाविद्यालय की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेताओं के स्वास्थ्य में आयी गिरावट को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने दोनों छात्र नेताओं को जबरन उठाकर अस्पताल में भर्ती कर दिया है।
गौरतलब है कि महाविद्यालय की पांच सू़त्रीय मांग को लेकर पांच दिनों से भूखहड़ताल कर रहे छात्र संघ अध्यक्ष अंकित चैधरी और छात्र प्रतिनिधि आकाश चमोला के स्वास्थ्य में भारी गिरावट आ गयी थी। शुक्रवार को एसडीएम पोखरी भी छात्रों को मनाने के लिए आंदोलन स्थल पर पहुंचे थे लेकिन छात्र नेता नहीं माने। जिस पर अपराह्न बाद पुलिस टीम ने आंदोलन स्थल पर पहुंच कर छात्र नेताओं को जबरन उठा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में भर्ती कर दिया है जहां पर उनका इलाज चल रहा है।
वहीं दूसरी ओर छात्र नेताओं को जबरन उठाये जाने के बाद छात्र नेता शुभम कंडारी और प्रदीप टमटा ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है आंदोलन जारी रहेगा। उनका यह भी कहना है कि कब तक प्रशासन पुलिस के बल पर आंदोलन को समाप्त करने का प्रयास करती है। जितनी बार छात्रों को जबरन उठाया जाएगा उतनी ही बार अन्य छात्र आमरण अनशन शुरू कर देंगे।
