शेयर करें !
posted on : March 8, 2021 6:39 pm

गोपेश्वर (चमोली)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर चमोली में विभिन्न सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थाओं ने कार्यक्रम आयोजित किये। जिले में महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शिक्षण संस्थानों में जहां विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं सामाजिक संगठनों की ओर से गोष्ठी का आयोजन किया गया।

महिला दिवस के मौके पर गोपेश्वर में मूलनिवासी संघ की ओर से विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान बामसेफ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनीता कपरवाल मूलनिवासी महिलाओं की समस्याएं और उनके अधिकार को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं सेवा इंटरनेशनल की ओर से उर्गम घाटी के देवग्राम में महिला गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं को आपदा प्रबंधन, कोविड-19  की रोकथाम, पारम्परिक बीज संरक्षण, जैविक कृषि और महिला अधिकार के विषय में जानकारी दी गई।

कन्या जूनियर हाईस्कूल नैगवाड़ में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय घाट की एनएसएस इकाई की ओर से एक दिवसीय शिविर के दौरान महिलाओं की वर्तमान में सामाजिक स्थिति विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया।

पीजी कॉलेज गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए डा. उमा रावत ने कहा कि आज का समय चुनौतियों से भरा है। जिसमें महिलाएं हर स्तर पर अपनी योग्यता का परचम लहरा रही हैं। नगर पंचायत नंदप्रयाग की अध्यक्ष डॉ हिमानी वैष्णव ने कहा कि सरकारों द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त करने का काम किया जा रहा है। इस दौरान आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रियंका शाह प्रथम, नरेंद्र सिंह द्वितीय और मोहित मेहरा तृतीय स्थान पर रहे। स्वरचित काव्य पाठ में नूपुर कुंवर प्रथम, कपिल सिंह द्वितीय व रश्मि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में योगिता पंवार ने प्रथम, आस्था ने द्वितीय एवं अनीशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान पर्यावरण मित्र सुकेश एवं सुमन को सम्मानित किया गया।

वहीं पोखरी में एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर हिलांस ब्रांड का विमोचन किया गया। उ़द्योगनीय संस्थान की ओर से भीमतल्ला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं को जड़ी-बूटी कृषिकरण के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं एडवा की ओर से गोपेश्वर में गोष्ठी का आयोजन कर महिला अधिकारों को लेकर चर्चा की गई। इस मौके पर पुष्पा किमोठी, गीता बिष्ट, बसंती देवी, प्रभा गौड आदि मौजूद थे।

इधर स्वास्थ्य विभाग चमोली की ओर से भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कन्या भ्रुण हत्या को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर अक्षत नाट्य संस्था की ओर से नुक्कड नाटक कर कन्या भ्रुण हत्या को रोकने की अपील की गई। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. जीवन सिंह चुफाल, डा. उमा रावत आदि ने अपने विचार रखे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!