गोपेश्वर (चमोली)। विश्व हिन्दू परिषद की चमोली इकाई ने जिला प्रशासन से नगर क्षेत्रों में मरने वाले गौवंशीय मवेशियों के हिन्दू रीति-रिवाज से दाह संस्कार करवाने की मांग उठाई है। संगठन के पदाधिकारियों ने मामले में जिलाधिकारी को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश करने की मांग की है।
संगठन के जिलाध्यक्ष राकेश मैठाणी व विभाग मंत्री पवन राठौर का कहना है कि हिन्दू धर्म में गौवंश को पूज्य माना गया है। लेकिन गोपेश्वर नगर में गौवंशीय मवेशियों के मृत्यु के उपरांत उनके शव का निस्तारण नदियों में प्रवाहित कर किया जा रहा है। जिससे जहां एक ओर हिन्दू धार्मिक भावनाओं की अनदेखी की जा रही है। वहीं नमामि गंगे अभियान के तहत गंगा को साफ रखने के मिशन को भी पलीता लग रहा है। ऐसे में गौवंशीय मवेशियों के मृत्यु के उपरांत हिन्दू रीति-रिवाज से निस्तारण की व्यवस्था की मांग की गई है। उन्होंने मामले पर कार्रवाई न किये जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर विभाग संयोजक प्रकाश बत्र्वाल, विनोद राणा, हरी प्रसाद ममगांई, सोनू फरस्वाण, बलवीर रावत, सुरेंद्र रावत, सौरभ अग्रवाल, आशीष सिंह और प्रकाश नेगी आदि मौजूद थे।
