गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित उम्मीदें ग्रुप की ओर से कोरोना की इस संकट की घड़ी में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए देवदूत बनी हुई है। उम्मीदें ग्रुप की ओर से गोपेश्वर में दो गरीब बेटियों की शारी के लिए राशन के साथ ही नगद धनराशि भी मुहैया करवायी गई है।
उम्मीदें ग्रुप के संरक्षक मनोज बिष्ट ने बताया कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। इसी ध्येय से उनकी संस्था गरीब बेटियों की शादी के लिए हर समय तैयार रहता है। वर्तमान समय में गोपेश्वर के शिव शक्ति नगर में निवास करने वाली गरीब विधवा महिला संकरी देवी की बेटी की शादी के लिए संस्था की ओर से दस हजार रूपये की मदद की गई वहीं गुंडी लाल की बेटी की शादी के लिए तीन हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था गरीब बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी जिले में लगातार जागरूकता के साथ ही पौध रोपण का कार्य करती आ रही है। संस्था के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बताया कि कोरोना के संकट के इस दौर में उनकी संस्था गरीब परिवारों को राशन वितरण भी कर रही है। लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक करने के साथ ही मास्क का वितरण भी कर रही है। इस अवसर पर मनोज बिष्ट, मनोज तिवारी, जया सेमवाल, दिनेश तिवारी आदि मौजूद थे।
