गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक मे कार्या में तेजी लाने पर निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने जल संस्थान तथा जल निगम को जल जीवन मिशन की योजनाओं को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि जिन योजनाओं का अधिकांश कार्य हो चुका है, उनको प्राथमिकता पर पूरा किया जाना चाहिए। ब्लॉक स्तर से गांवों में किए जा रहे हर घर जल सर्वेक्षण कार्या को पूरा करने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इनमें जो भी शिकायतें अथवा समस्याएं आ रही है उनका तत्काल निस्तारण करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी। हर घर जल सर्टिफिकेशन और स्रोत की जियो टैगिंग में वांछित प्रगति लानी होगी।
जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी/जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार सैनी ने बताया कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत पेयजल योजनाओं के पुनर्गठन एवं जल स्रोतों के सुधारीकरण हेतु दूसरे चरण में जनपद में कुल 571 योजनाओं में से 468 पूर्ण कर ली गई है और 103 योजनाओं का कार्य चल रहा है। हर घर जल के अंतर्गत 1113 गांवों के सापेक्ष 700 गांवों में सत्यापन कार्य पूरा कर लिया गया है। कुल 1337 पेयजल स्रोत में से 1109 स्रोत की जियो टैगिंग कर ली गई है।
इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
