गोपेश्वर (चमोली)। नंदादेवी राजजात यात्रा के लिए अति आवश्यकता वाले कार्यों के प्रस्ताव जल्द तैयार होंगे। नंदादेवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने कहा कि उपयोगिता और आवश्यकता के आधार पर योजनाओं के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को अति आवश्यकता वाले कार्यों के प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। योजनाओं को प्रस्तावित करने से पूर्व कार्य की उपयोगिता और आवश्यकता का ध्यान रखने को कहा गया।
उनका कहना था कि नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग के पैदल रास्तों, सड़क मार्गों, पार्किंग की व्यवस्था, विद्युत, पेयजल और आवास व्यवस्था को लेकर विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने से पूर्व भौतिक स्थिति का निरीक्षण कर रही योजना तैयार करनी होगी। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर आवास, पेयजल, बिजली और पार्किंग जैसे मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किए जाने वाले इंतजाम को लेकर उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को भी प्रस्ताव भेजने को कहा।
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि नंदा देवी राजजात की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों की ओर ओर से 121 योजनाओं के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। प्रस्तावों को स्वीकृति हेतु शासन को भेजा गया है। विभागों की ओर से 125 प्रस्तावों पर जनपद स्तर पर कार्रवाई गतिमान है। बताया कि शासन की ओर से 5 सड़क व सड़क सुरक्षा कार्यों को वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस दौरान बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ सर्वेश दुबे, पुलिस उपाधीक्षक अमित सैनी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता समेत अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
