posted on : May 13, 2021 6:14 pm

गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी चमोली स्वाति एस भदौरिया ने गुरूवार को तहसील व ब्लाक के प्रशासनिक एवं चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर कोविड संक्रमण के प्रभावी रोकथाम के लिए संचालित कार्यो की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कोविड के बढते मामलों के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग में अस्थाई तौर पर नियुक्त तीन फार्मेसिस्ट, दो लैब टैक्निशियन, आठ डेटा एन्ट्री आॅपरेटर, तीन वार्ड वाॅय और दो वाहन चालकों के ज्वाइनिंग के संबंध में एमओआईसी से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोविड के लिए आयुष के चिकित्सकों की भी अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।

जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पर कुछ कोविड के पाॅजिटिव केस सामने आ रहे है वहां पर पूरे गांव की सैंपलिंग की जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों में कोविड के लक्षण दिख रहे है, उनका मौके पर ही रैपिड एंटीजन टेस्ट किया जाए। ताकि कोविड संक्रमित मरीज को तत्काल उपचार मिल सके और इसको फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही गांव क्षेत्रों में बुखार एवं अन्य बीमारियों से पीडित लोगों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कर मौके पर उपचार किया जाए। डीएम ने कहा कि गांव में कोविड सैंपलिंग व वैक्सीनेशन के लिए मोबाइल टीम भेजने से पहले संबधित ग्राम प्रधान, आशा व आंगनबाडी कार्यकत्री को पूर्व में इसकी सूचना अवश्य दे। ताकि इनके सहयोग से कार्य आसान हो सके।  साथ प्रत्येक गांव में ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में कोविड नियत्रंण समिति गठित है, जिसमें आशा, आंगनबाडी कार्यकत्री, गांव के युवा एवं महिला मंगल दल तथा अन्य को सदस्य बनाया गया है। एमओआईसी को निर्देश दिए कि होम आइसोलेट मरीजों तक समय से मेडिकल किट उपलब्ध करवायी जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 30 हजार मेडिकल किट तैयार करने के लिए आवश्यक दवाइयों एवं अन्य सामग्री की खरीद के लिए कार्रवाई गतिमान है। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन मरीजों का आशा के माध्यम से देखरेख करें और किसी मरीज की तबीयत खराब होने पर तत्काल हेल्थ फेसिलिटी में शिफ्ट करें। जिलाधिकारी ने कहा कि ब्लाक स्तर पर किसी भी चीज की जरूरत है तो तत्काल डिमांड करें और छोटी से छोटी समस्या को भी तत्काल संज्ञान में लाया जाए। उन्होंने ब्लाक स्तर पर भी मेडिकल किट डिस्ट्रीब्यूशन एवं स्टाॅक की डेली माॅनिटरिंग की जाए। उन्होंने सभी एमओआईसी को कोविड कन्ट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबरों का भी व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।

कर्णप्रयाग व घाट एमओआईसी ने बताया कि उन्हें एक-एक अतिरिक्त वाहनों की आवश्यकता है। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को पूर्व में 16 वाहन उपलब्ध कराए गए है। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि जहां पर भी वाहनों की आवश्यकता है अगले दो दिनों में वाहनों को अधिग्रहित कर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार चन्याल, सीएमओ डा. एमएस खाती, एसीएमओ डा. उमा रावत, डीडीएमओ एनके जोशी आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!