गोपेश्वर (चमोली)। अनुसूचित जाति/जनजाति शिक्षक एसोसिएशन ने अपनी 19 सूत्रीय मांगों को लेकर 26 मई से चरणबद्ध ढंग से आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश शाह ने बताया कि उनका संगठन शिक्षक-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं वंचित वर्गों से जुड़ी 19 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि छात्रवृत्ति, आरक्षण रोस्टर, बैकलॉग रिक्तियों भरने, पदोन्नति, स्थानांतरण नीति, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, गोल्डन कार्ड की समस्याओं का समाधान, सेवा सुरक्षा तथा शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति के मुद्दे लंबे समय से लंबित चल रहे हैं। कहा कि मांगों को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन भेजे गए और संवाद भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं गई है। इसी के विरोध में संगठन ने चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है।
जिलाध्यक्ष शाह ने कहा कि 26 मई को चमोली जिले की सभी तहसीलों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। 2 जून को प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन आयोजित होगा तथा 7 जून को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
इस दौरान जिला मंत्री सुरेश आगरी, कोषाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवाल, संरक्षक राकेश टम्टा, रोमेश शाह, धनी आगरी, भरत गोदियाल, प्रदीप कुमार आर्य आदि मौजूद रहे।
