नारायणबगड़ (चमोली)। चमोली जिले के नारायणबगड विकास खंड के मैदुनी गांव के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन मींग गदेरा-डांगतोली सड़क पर भेलगाड़ में प्रस्तावित पुल का निर्माण करवाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने पुल निर्माण शीघ्र न किये जाने पर आगामी वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
बता दें कि नारायणबगड़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत मैदुनी के 450 ग्रामीणों को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिये पीएसजीएसवाई की ओर से 18 किमी सड़क निर्माण के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण कर द्वितीय चरण का कार्य प्रगति पर है। लेकिन विभाग की ओर से भेला और मैदुनी गांवों के मध्य भेलगाड़ प्रस्तावित 48 मीटर स्पान के प्रस्तावित मोटर पुल का निर्माण शुरु नहीं किया गया है। जिससे यहां सड़क निर्माण के बाद भी गांव के ग्रामीणों को यातयात की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ग्राम प्रधान फतेसिंह नेगी, ज्योति देवी, गोपोल सिंह रावत और तेजपाल रावत का कहना है कि सड़क के किलोमीटर 13 में पीएमजीएसवाई की ओर से प्रस्तावित पुल के निर्माण को लेकर विभागीय अधिकारियों से लेकर प्रशासन और जन प्रतिनिधियों से गुहार लगाई जा चुकी है। लेकिन मामले में वर्तमान तक कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। जिसके चलते अब ग्रामीणों ने पुल निर्माण न होने आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया है।
