शेयर करें !
posted on : September 15, 2026 4:56 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योर्तिमठ में विशेषज्ञ चिकित्सकों और जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की कमी के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया। यूकेडी ने चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

यूकेडी के जिला अध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित नियुक्ति और अस्पताल के उच्चीकरण की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र ज्योर्तिमठ के इस प्रमुख अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं होने से स्थानीय लोगों को उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है। अस्पताल में एक्स-रे तकनीशियन की कमी दूर करने, मरीजों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त बेड उपलब्ध कराने और परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने, गायनेकोलॉजिस्ट, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियमित नियुक्ति की मांग भी उठाई। अल्ट्रासाउंड की नियमित और सुचारु सुविधा उपलब्ध कराने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने की मांग की।

यूकेडी के नेता कमल किशोर डिमरी ने कहा कि ज्योर्तिमठ महत्वपूर्ण और सीमावर्ती क्षेत्र होने के साथ बदरीनाथ धाम आने वाले यात्रियों के लिए भी अहम पड़ाव है। इसके बावजूद अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और जरूरी जांच सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी दूसरे शहरों में जाना पड़ रहा है। सरकार को घोषणाओं के बजाय अस्पताल की जमीनी व्यवस्थाओं को मजबूत करना चाहिए।

केंद्रीय महामंत्री बीरू सजवाण ने कहा कि ज्योर्तिमठ क्षेत्र की बड़ी आबादी के साथ सीमावर्ती गांवों के लोग भी इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। इसके बावजूद अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक संसाधनों की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यूकेडी जनता के स्वास्थ्य से जुड़े इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष करेगा। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों और सुविधाओं की कमी दूर करने को लेकर सरकार और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल कदम उठाने चाहिए। मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।

धरने पर बैठने वालों में  जिला कार्यालय अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष महावीर सिंह पवार, सोशल मीडिया प्रभारी भरत सिंह कुंवर, महिला प्रकोष्ठ ओबीसी मोर्चा की जिलाध्यक्ष किरण डिमरी, ज्योर्तिमठ महिला प्रकोष्ठ की ब्लॉक अध्यक्ष मूसली देवी, उत्तराखंड छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष सौरभ सती, प्रशांत डुमरी, दीपक सती, अमन कुमार और आयुष फरस्वाण आदि मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!