- गोपेश्वर और चमोली क्षेत्र में औचक निरीक्षण
- नार्कोटिक दवाएं डॉक्टर के पर्चे पर बेचने के निर्देश
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में नकली और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने तथा औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए औषधि विभाग ने मेडिकल स्टोरों पर जांच अभियान चलाया गया। सोमवार को औषधि निरीक्षक ने गोपेश्वर और चमोली क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण कर सात दवाओं के नमूने एकत्र किए।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों के औषधि विक्रय लाइसेंस, पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपलब्धता और उनकी मौजूदगी में दवाओं की बिक्री की व्यवस्था जांची गई। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग, एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव, मनःप्रभावी औषधियों के भंडारण तथा दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित बिलों की भी जांच की गई।
औषधियों की गुणवत्ता परखने और नकली दवाओं की बिक्री रोकने के उद्देश्य से गोपेश्वर क्षेत्र से सात दवाओं के नमूने लिए गए। औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट ने मेडिकल स्टोर संचालकों को नार्कोटिक औषधियों की बिक्री केवल चिकित्सक के वैध पर्चे पर करने के निर्देश दिए। औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 के तहत निर्धारित लाइसेंस शर्तों और नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि जनपद में मेडिकल स्टोरों की जांच और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
