गोपेश्वर (चमोली)। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रणजीत रावत ने कहा कि भाजपा जुमलेबाजी करने और भाषण देने में माहिर है लेकिन सरकार चलना इनके बूते का नहीं है यह जनता को समझाना होगा। और भजापा के अब तक के कार्यकाल से जनता कुछ-कुछ समझ भी चुकी है इसलिए जनता का भाजपा से मौह भंग भी होता जा रहा है।
सोमवार को अपने चमोली जिले के दौरे के दौरान गोपेश्वर पहुंचे कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सत्ता में आना और सत्ता चलना दोनों बाते अलग-अलग है। कांग्रेस ने 65 साल से अधिक देश में अपनी सत्ता चलायी परंतु इतनी मंहगाई और बेरोजगारी भाजपा के दस साल से कम के कार्यकाल में देखने को मिल रही है वह इतिहास के पन्नों में दर्ज की जायेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में जनता शिक्षण संस्थओं, मेडिकल कालेज, आईटीआई, पाॅलीटेक्नीक खुलवाने की मांग को लेकर सड़कों पर आती थी आज जनता मंहगाई से इतनी त्रस्त हो गई है कि उसे एक वक्त की रोटी के लिए सरकार से गुहार लगानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का इस समय सबसे बुरा हाल है भाजपा बताये कि इन साढे चार के कार्यकाल में उसने तीन मुख्यमंत्री बदलने के अलावा प्रदेश में क्या किया है।
कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो गैरसैण को आंदोलनकारियों के सपनो की राजधानी बनाया जाएगा और उसके विकास को लेकर किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जायेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और उनके उत्साह के बल पर इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, प्रदेश महासचिव हरिकृष्ण भट्ट, उषा रावत, मुख्य प्रवक्ता विकास जुगरान, तेजवीर कंडेरी, रविंद्र नेगी, संदीप नेगी, सूर्या पुरोहित, मुकुल बिष्ट, अन्नत पाल आदि मौजूद थे।
वहीं दूसरी ओर उन्होंने जिले के विभिन्न ब्लाॅक और ग्रामीण क्षेत्रों से गोपेश्वर पहुंचे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें आगामी विधान सभा की तैयारियों व संगठन को मजबूत करने का गुरूमंत्र भी दिया।
