शेयर करें !
posted on : May 20, 2026 7:30 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले का गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली के कारण चर्चा में है। हालांकि “बदहाल सड़क” कहना शायद इस मार्ग के साथ अन्याय होगा, क्योंकि अब यह सड़क कम और रोमांच प्रेमियों के लिए एडवेंचर ट्रैक ज्यादा बन चुकी है। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां एडवेंचर करने लोग अपनी मर्जी से नहीं, मजबूरी में आते हैं।

कहते हैं विकास सड़क से पहचाना जाता है, लेकिन गोपेश्वर-पोखरी मार्ग को देखकर लगता है कि विकास शायद रास्ता भटक गया। सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में कहीं-कहीं सड़क बची है, यह समझने के लिए अलग से सर्वे टीम चाहिए। वाहन चालक हर दिन इसी संशय में सफर करते हैं कि वे सड़क पर चल रहे हैं या किसी ऑफ-रोड रैली में हिस्सा ले रहे हैं।

बरसात में तो यह मार्ग और भी “आधुनिक” हो जाता है। गड्ढों में पानी भरने के बाद चालक अंदाजा लगाते हैं कि सामने सड़क है, तालाब है या सीधा इतिहास बनने का रास्ता। बाइक सवारों की हालत ऐसी रहती है जैसे वे सड़क पर नहीं, भाग्य परीक्षा देने निकले हों।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि क्षेत्र में दो पूर्व विधायक और एक वर्तमान विधायक होने के बावजूद सड़क की हालत वर्षों से जस की तस बनी हुई है। जनता को अब समझ नहीं आता कि सड़क बननी बाकी है या अभी भी फाइलों में ही यात्रा कर रही है। चुनाव आते ही विकास के इतने वादे किए जाते हैं कि लगता है अगली सुबह सड़क पर शायद हवाई जहाज उतरने लगेंगे, लेकिन चुनाव बीतते ही सड़क फिर अपने पुराने गड्ढों के साथ मुस्कुराती नजर आती है।

लोक निर्माण विभाग भी समय-समय पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराता रहता है। कहीं दो फावड़े मिट्टी डाल दी जाती है, कहीं थोड़ा डामर छिड़क दिया जाता है और फिर मान लिया जाता है कि सड़क का “कायाकल्प” हो गया। कुछ दिनों बाद बारिश आती है और सड़क फिर उसी आत्मनिर्भर अवस्था में लौट आती है।

स्थानीय जनता अब सड़क से ज्यादा अपने वाहनों की सस्पेंशन और हड्डियों की चिंता करने लगी है। लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो भविष्य में इस मार्ग को पर्यटन विभाग “रोमांचक सफर योजना” में शामिल कर सकता है।

फिलहाल जनता यही उम्मीद कर रही है कि कभी न कभी किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी की नजर सड़क पर भी पड़ जाए, क्योंकि अभी तक तो ऐसा लगता है कि सबने गड्ढों को ही विकास मान लिया है।

 

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!