शेयर करें !
posted on : June 22, 2021 5:43 pm

देवाल (चमोली)। चमोली जिले के देवाल ब्लॉक के दूरस्थ गांवों को यातायात से जोड़ने वाली देवाल-मुंदोली सड़क के बाधित होने से ग्रामीणों की दिक्कतें बढ गई हैं। मंगलवार को गांव में एक बच्ची के बीमार होने पर स्थानीय ग्रामीण ने जान जोखिम में डालकर बच्ची को मोटर साइकिल से लोहजंग पहुंचाया। जहां निजी क्लीनिक संचालक की ओर से बच्ची का उपचार किया जा रहा है। ऐसे में मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से किये गये दावों का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

बता दें कि देवाल ब्लॉक के बांक, वांण, कुलिंग और मुंदोली गांवों को यातयात से जोड़ने के लिये देवाल-मुंदोली सड़क का निर्माण किया गया है। लेकिन वर्ष 2018 से सड़क रख-रखाव के अभाव में खस्ता हाल पड़ी हुई है। ऐसे में बीती सोमवार रात्रि को क्षेत्र में हुई भारी बारिश के चलते सड़क पल्या, करजा, बुराकोट, मैला नामक स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। लेकिन वर्तमान तक यहां विभाग की ओर से सड़क सुधारीकरण कार्य शुरु नहीं किया गया है। ऐसे में सोमवार रात्रि को जब वांण गांव निवासी बाग सिंह की पुत्री नतिशा की तबीयत खराब हुई। तो बाग सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह गढवाली ने बच्ची को मोटर साइकिल से चिकित्सालय ले जाने की ठानी और जान जोखिम में डालकर नतिशा लोहजंग पहुंचाया। जहां निजी क्लीनिक के चिकित्सक की ओर से बच्ची का उपचार किया जा रहा है। स्थानीय निवासी देवेन्द्र सिंह, हीरा सिंह गढ़वाली, मोहन सिंह और भगत सिंह का कहना है कि वर्ष 2018 में सड़क के बदहाल होने के बाद से लगातार विभागीय अधिकारियों, जिला प्रशासन और जन प्रतिनिधियों से सड़क सुधारीकरण की मांग की जा रही है। लेकिन वर्तमान तक स्थिति जस की तस बनी हुई। जिससे यहां लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!