कर्णप्रयाग (चमोली)। कर्णप्रयाग नगर पालिका की ओर से सिमली में पालिका आपके द्वार की खुली बैठक में जन समस्याओं के निस्तारण पर जोर दिया गया।
पालिकाध्यक्ष गणेश शाह की अध्यक्षता में सिमली में आयोजित बैठक में कहा गया कि अब प्रत्येक वार्डों में खुली बैठक का आयोजन कर जन समस्याओं के निस्तारण की मौके पर ही पहल करने की कवायद शुरू कर दी गई है। सुभाषनगर वार्ड के दुग्ध संघ परिसर में हुई बैठक में पालिकाध्यक्ष ने सफाई व्यवस्था के लिए चार और कर्मचारियों की नियुक्ति की घोषणा की। बताया कि सिमली में पार्किंग निर्माण के लिए पहली किश्त मुख्यमंत्री की घोषणा के जरिए मिल गई है।
कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने सभी विभागों से ईमानदारी के कार्य करने का आह्वान किया। बणगांव में पेयजल व्यवस्था के लिए उन्होंने जल संस्थान व जल निगम को एक हफ्ते का समय दिया। राडखी गांव के लिए उन्होंने विधायक निधि से दो लाख देने की घोषणा की। सिमली में मोटर पुल पर सफाई व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। सदस्य मनोज पुंडीर के संचालन में हुई बैठक में सिमली के प्रधान पंकज कुमार, डिम्मर की प्रधान विनीता देवी, नौली थापली के प्रधान उमेश खंडूरी, क्षेपंस पंकज लडोला, जिपंस विक्रम सिंह कठैत, तहसीलदार सुधा डोभाल, महावीर कनवासी, मनवर सिंह आदि मौजूद रहे।
